Monday, July 06, 2026 07:57:24 PM

पटना में 37 करोड़ की जमीन पर कब्जे की साजिश नाकाम
पटना में 37 करोड़ की जमीन पर कब्जे की साजिश नाकाम, STF और पुलिस ने 17 हथियारबंद बदमाश पकड़े

पटना में STF और पुलिस ने 37 करोड़ की जमीन पर कब्जे की कोशिश नाकाम कर 17 हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार किया।

पटना में 37 करोड़ की जमीन पर कब्जे की साजिश नाकाम stf और पुलिस ने 17 हथियारबंद बदमाश पकड़े
पटना में 37 करोड़ की जमीन पर कब्जे की साजिश नाकाम |

पटना में एसटीएफ (STF) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 37 करोड़ रुपये की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश को नाकाम कर दिया। कार्रवाई के दौरान 17 हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। यह जमीन बैरिया बस स्टैंड स्थित डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार के कार्यालय के ठीक सामने स्थित है।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी 37 कट्ठा की इस कीमती जमीन पर जबरन कब्जा करने पहुंचे थे। स्थानीय प्रॉपर्टी डीलरों के मुताबिक, इस इलाके में एक कट्ठा जमीन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। इसी हिसाब से पूरी जमीन की अनुमानित कीमत करीब 37 करोड़ रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन देशी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, एक काले रंग की स्कॉर्पियो, एक सफेद स्विफ्ट डिजायर, एक सफेद एक्सयूवी-500, 15 टच स्क्रीन मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस ने सभी हथियार, वाहन और अन्य सामान जब्त कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पटना, नालंदा, रोहतास, धनबाद और अन्य जिलों के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि ये सभी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं।

अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह का मुख्य सरगना सारण जिले के दिघवारा का रहने वाला शैलेश मुखिया है। वह पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि उसी के निर्देश पर सभी बदमाश हथियार लेकर जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे।

एसटीएफ को पहले ही सूचना मिल गई थी कि जमीन कब्जाने के दौरान गैंगवार और हिंसा हो सकती है। इसके बाद एसटीएफ और रामकृष्णानगर थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई की। पहले चरण में 10 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। बाद में पूछताछ के आधार पर सात अन्य आरोपियों को पटना के अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया गया।

सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने बताया कि सभी आरोपी हथियारों के साथ जमीन पर कब्जा करने की तैयारी में थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि जिस महिला से जमीन का एग्रीमेंट किया गया, वह वास्तविक मालिक है या नहीं। साथ ही बरामद वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। फरार सरगना शैलेश मुखिया की तलाश में पटना और सारण में लगातार छापेमारी की जा रही है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें