भावनगर में किसान पर शेर का हमला |
गुजरात के भावनगर जिले के पालीताना तालुका में सोमवार सुबह शेर के हमले से दहशत फैल गई। गरजिया गांव में एक शेर ने किसान कालूभाई बोगभाई परमार पर हमला कर दिया और उन्हें करीब आधे घंटे तक अपने कब्जे में रखा। इस घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है।
घायल किसान कालूभाई ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अपनी गाय को चारा खिलाने जा रहे थे। तभी शेर ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। शेर ने पहले उनकी पीठ पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद उसने उनका हाथ अपने मुंह में दबोच लिया।
किसान के मुताबिक, वह लगातार खुद को छुड़ाने की कोशिश करते रहे। उन्होंने शेर को खरोंचा भी, जिसके बाद शेर ने उनका हाथ छोड़ दिया। मौका मिलते ही वह वहां से भाग निकले। इसके बाद शेर उनकी गाय की ओर बढ़ गया।
इससे पहले शेर ने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति हेमूभाई गढ़वी पर भी हमला करने की कोशिश की थी। हेमूभाई ने बताया कि सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच उन्हें पता चला कि शेर उनके घर की बाड़ में घुस आया है। जब उन्होंने अपनी भैंस को छोड़ने की कोशिश की, तो शेर उनकी ओर दौड़ पड़ा। जान बचाने के लिए वह अपने भाई के घर में घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया। इस दौरान उनकी भैंस गिर गई, जिससे शेर का ध्यान उनकी ओर से हट गया और उनकी तथा उनकी मां की जान बच गई।
घटना की सूचना मिलने पर गरजिया गांव की सरपंच के पति सावजीभाई ने वन विभाग को जानकारी दी। वन विभाग की टीम करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची और शेर को पकड़ने का अभियान शुरू किया।
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पशुपालक अपने परिवार और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। डर के कारण कई बच्चे स्कूल भी नहीं गए।
पालीताना तालुका पंचायत सदस्य चेतन डाभी ने कहा कि वन विभाग से कई बार इलाके के शेरों को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ने की मांग की गई है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।