जयपुर में बारिश से सड़कें धंसी |
जयपुर में रविवार देर रात हुई करीब दो इंच बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में सड़कें धंस गईं। मानसरोवर और गोपालपुरा बाइपास समेत कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बनने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।
मानसरोवर में शिप्रापथ से गुर्जर की थड़ी और शांति नगर को जोड़ने वाले मार्ग पर द्रव्यवती नदी के किनारे दो जगह सड़क धंस गई। इनमें से एक जगह करीब 20 फीट चौड़ा हिस्सा जमीन में समा गया। वहीं, करीब 50 मीटर दूर दूसरी जगह भी सड़क धंस गई। बारिश के पानी से मिट्टी का कटाव होने के कारण द्रव्यवती नदी की बाउंड्री वॉल के पास बड़ा गड्ढा बन गया।
गोपालपुरा बाइपास पर गंगा-जमुना पेट्रोल पंप के सामने फुटपाथ के पास सड़क धंसने से वहां खड़ी एक इनोवा कार गड्ढे में गिर गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिए सड़क पर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। बाद में क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया।
सोमवार सुबह रिद्धि-सिद्धि चौराहे के पास परमहंस धाम के सामने भी सड़क धंस गई। यहां ड्रेनेज लाइन टूटने से करीब 8 फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा और मिट्टी के कट्टों से गड्ढा भरने का काम शुरू किया।
बारिश के कारण स्टेच्यू सर्किल के पास एक पेड़ भी सड़क पर गिर गया, जिससे सोमवार सुबह ट्रैफिक प्रभावित रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, देर रात से सोमवार सुबह 8 बजे तक सबसे अधिक 82 मिमी बारिश फागी-दूदू के बीच मौजमाबाद में दर्ज की गई। इसके अलावा सांगानेर में 69 मिमी, जोबनेर में 58 मिमी, फागी में 54 मिमी, जालसू में 52 मिमी, चाकसू में 46 मिमी, जेएलएन मार्ग पर 44.5 मिमी, कलेक्ट्रेट क्षेत्र में 33 मिमी, तूंगा में 28 मिमी, कालवाड़ में 25 मिमी, किशनगढ़-रेनवाल में 22 मिमी, कोटखावदा में 20 मिमी और फुलेरा में 17 मिमी बारिश दर्ज की गई।