Monday, July 06, 2026 10:46:15 PM

उत्तर प्रदेश में चुनाव की तयारी, रणनीति तेज!
2027 मिशन पर BJP का फोकस, कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर कर सरकार-संगठन में बढ़ेगा तालमेल

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल, कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने और विपक्ष की रणनीति का जवाब देने पर जोर दिया।

2027 मिशन पर bjp का फोकस कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर कर सरकार-संगठन में बढ़ेगा तालमेल
उत्तर प्रदेश में चुनाव की तयारी, रणनीति तेज! |

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में हुई प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने तथा कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में नौकरशाही के व्यवहार को लेकर सामने आ रही शिकायतों पर विस्तार से चर्चा हुई। तय किया गया कि राज्य से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की बातों को प्राथमिकता दी जाएगी। उनके उचित और जनता से जुड़े कार्यों का समय पर समाधान किया जाएगा। साथ ही अफसरों और जनप्रतिनिधियों द्वारा विधायकों एवं कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से जुड़ी शिकायतों को भी दूर करने पर सहमति बनी।

बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बनाए रखने और सरकार व संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ चुनावी तैयारी करने का फैसला लिया। साथ ही विपक्ष के आरोपों का प्रभावी जवाब देने के लिए भी रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी। जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों के बीच मनमुटाव की शिकायतों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे।

दिनभर की बैठकों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्री, बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए।

इससे पहले नितिन नवीन ने सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर विपक्ष की रणनीति से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष समाज को जाति के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे राष्ट्र प्रथम की विचारधारा पर कायम रहें और जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दें।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाखों युवाओं को रोजगार मिला है और करोड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं। इसके बावजूद यदि इस जनसमर्थन को वोट में नहीं बदला जा रहा है, तो इसका मतलब है कि जनता से संवाद बढ़ाने की जरूरत है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी सांसदों और विधायकों से अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने, विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने और संगठन की हर बैठक में शामिल होने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले सात-आठ महीनों की मेहनत से भाजपा 2027 में फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत की है और राज्य को अराजकता, माफिया राज और भ्रष्टाचार से बाहर निकाला है। यह मॉडल पूरे देश में चर्चा का विषय है।

यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर नितिन नवीन ने कहा कि शब्दों के चयन में कुछ गलतियां हुई थीं, जिन्हें सुधार लिया गया है। उन्होंने इस विषय को अनावश्यक विवाद बनाने के बजाय एकजुट होकर विपक्ष के सवालों का जवाब देने की बात कही।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें