स्वास्थ्य शिविर में हुई जांच |
पंजाब केसरी समूह के मुख्य संपादक श्री विजय चोपड़ा जी की स्व. धर्मपत्नी श्रीमती स्वदेश चोपड़ा जी की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर नोएडा के सेक्टर-63 बहलोलपुर स्थित जीवन अस्पताल में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। जीवन अस्पताल के सीएमडी एम.ए. खान के नेतृत्व में डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने लोगों की हृदय, शुगर, बीपी, यूरिक एसिड और थायराइड समेत अन्य स्वास्थ्य जांच की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेंट्रल जोन के एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह और एसीपी दीक्षा सिंह मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकास जैन, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश यादव और कांग्रेस युवा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव शामिल हुए।
इसके अलावा नोएडा मीडिया क्लब के महासचिव जेपी सिंह, वरिष्ठ पत्रकार सुरेश चौधरी, हरवीर सिंह चौहान, सपा नेता मुकेश यादव, प्रमोद यादव समेत कई अन्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
शिविर का शुभारंभ अतिथियों ने फीता काटकर किया। इसके बाद सभी ने स्व. स्वदेश चोपड़ा जी की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्वास्थ्य जांच कराने वाले लोगों और डॉक्टरों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।