Saturday, July 18, 2026 01:36:27 AM

योगी का विपक्ष पर तीखा हमला
सुल्तानपुर में योगी का विपक्ष पर वार, बोले- रामभक्तों का विरोध करने वाले अब आस्था की बात कर रहे

सुल्तानपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए राम मंदिर, वक्फ मामलों और पिछली सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने यूपी में विकास और सुरक्षा को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

सुल्तानपुर में योगी का विपक्ष पर वार बोले- रामभक्तों का विरोध करने वाले अब आस्था की बात कर रहे
योगी का विपक्ष पर तीखा हमला |

सुल्तानपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का अतीत रामभक्तों के विरोध से जुड़ा रहा है, वे अब आस्था की बात कर रहे हैं। सीएम ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए वक्फ से जुड़े मामलों को लेकर भी विपक्ष से सवाल किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग अयोध्या की घटना को लेकर अपनी आस्था आहत होने की बात करते हैं, लेकिन जिन लोगों ने रामभक्तों पर कार्रवाई की और भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, वे अब आस्था की बात कैसे कर सकते हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब बाबरी ढांचे को हटाया गया था, तब कुछ लोग घड़ियाली आंसू बहा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने मंदिरों के विकास की जगह कब्रिस्तानों की बाउंड्री पर पैसा खर्च किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े मामले में सभी दोषियों पर कार्रवाई हो रही है, लेकिन वक्फ के नाम पर जमीनों के मामलों पर विपक्ष ने कभी आवाज नहीं उठाई।

सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले हर जिले में एक माफिया को संरक्षण दिया जाता था। उनकी सरकार प्रदेश में मेडिकल कॉलेज, एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है।

उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और इंटरनेशनल एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से राज्य दुनिया से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज सड़कों का निर्माण हो रहा है, घर पक्के किए जा रहे हैं और मंदिरों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार के लिए अच्छे प्रतिनिधियों का चुनाव जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में युवाओं की पहचान बदली है और प्रदेश सुरक्षा, व्यापार और विकास के मामले में आगे बढ़ रहा है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें