Wednesday, July 22, 2026 04:02:27 AM

बच्चों को कार ने कुचला
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कार ने 5 स्कूली बच्चों को मारी टक्कर

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर कार की टक्कर से पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए। एक बच्चे की हालत गंभीर है। पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कार ने 5 स्कूली बच्चों को मारी टक्कर
बच्चों को कार ने कुचला |

ग्रेटर नोएडा की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए। इनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चला रही महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। आरोप है कि वह गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन देख रही थी। इसी दौरान सोसायटी के गेट से बाहर निकलते समय उनसे ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दब गया।

बताया जा रहा है कि कार सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी से टकराई, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हुई। इसके बावजूद कार अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई और स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों व वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों को टक्कर मार दी।

हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद कार चला रही महिला मौके से अपनी गाड़ी लेकर चली गई।

घटना के बाद सोसायटी के लोगों और अभिभावकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सुबह के समय बच्चों की सुरक्षा को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें