बुलंदशहर का तालाब पर अवैध कब्जा चर्चा में |
बुलंदशहर के औरंगाबाद कस्बे में तालाब की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि भूमाफियाओं द्वारा तालाब में भराव कराकर करोड़ों रुपये मूल्य की सार्वजनिक भूमि पर बेखौफ होकर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायत के अनुसार, कस्बे के मोहल्ला अजीजाबाद स्थित तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में अजीजाबाद निवासी एवं समाजसेवी नेता रहीस कुरैशी ने जिलाधिकारी को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2018 में सर्वोच्च न्यायालय ने पोखरों और तालाबों जैसी सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा, एनजीटी ने भी तालाबों और जलाशयों की भूमि के संरक्षण को लेकर स्पष्ट आदेश जारी किए हैं। इसके बावजूद आरोप है कि बुलंदशहर जनपद में इन निर्देशों की अनदेखी करते हुए तालाबों की भूमि पर लगातार अवैध कब्जे किए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने अधीनस्थ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर जांच करने, तालाब की भूमि से अवैध कब्जे हटाने तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।