Wednesday, July 08, 2026 08:13:04 PM

दीप नारायण पर ED रेड
पूर्व विधायक दीप नारायण यादव के ठिकानों पर ED की छापेमारी

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के लखनऊ और झांसी स्थित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू की।

पूर्व विधायक दीप नारायण यादव के ठिकानों पर ed की छापेमारी
दीप नारायण पर ED रेड |

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित एक अपार्टमेंट, एल्डिको कॉलोनी, कानपुर रोड स्थित सनराइज अपार्टमेंट और झांसी के पैतृक आवास सहित अन्य स्थानों पर की गई।

सूत्रों के अनुसार, ईडी की अलग-अलग टीमें तड़के ही विभिन्न ठिकानों पर पहुंच गईं। झांसी में पूर्व विधायक के पैतृक गांव स्थित घर और उनके साले के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। वहीं लखनऊ में कई फ्लैटों की जांच की जा रही है।

छापेमारी के दौरान ईडी की टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, डिजिटल डिवाइस और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल ईडी की ओर से इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश विजिलेंस एस्टेब्लिशमेंट द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर की जा रही है। शुरुआती जांच में पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के खिलाफ 23 से अधिक एफआईआर और करीब 60 आपराधिक मामलों का उल्लेख सामने आया है।

इन मामलों में धोखाधड़ी, जालसाजी, रंगदारी, हत्या के प्रयास और डकैती जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। ये मामले भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत दर्ज बताए गए हैं।

तलाशी अभियान के दौरान ईडी ने चल-अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और वित्तीय रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं। एजेंसी इनकी जांच कर धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) से जुड़े संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

कार्रवाई के दौरान संबंधित परिसरों में मौजूद परिवार के सदस्यों और कर्मचारियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। जांच पूरी होने तक किसी को भी अंदर आने या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। ईडी के अधिकारी दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की कार्रवाई लगातार जारी रखे हुए हैं।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें