Thursday, July 09, 2026 10:23:21 PM

शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना की सौगात
गौतमबुद्ध नगर में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 4426 शिक्षकों को मिलेगा लाभ

गौतमबुद्ध नगर में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू, 4426 शिक्षकों को मिलेगा 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज का लाभ। छात्रों को डीबीटी के जरिए 1200 रुपये की सहायता राशि मिली।

गौतमबुद्ध नगर में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ 4426 शिक्षकों को मिलेगा लाभ
शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना की सौगात |

गौतमबुद्ध नगर में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना और डीबीटी वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों और उनके आश्रितों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना का शुभारंभ किया।

इसके साथ ही परिषदीय विद्यालयों के करीब 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी के लिए 1200 रुपये प्रति छात्र की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। कार्यक्रम में शिक्षकों और संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू भी किया गया।

गौतमबुद्ध नगर में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से ग्रेटर नोएडा स्थित आईआईएमटी कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि जनपद गौतमबुद्ध नगर के 4,426 शिक्षकों और उनके परिवारों को इस योजना के तहत 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित शिक्षक ही बेहतर शिक्षा व्यवस्था की नींव हैं। प्रदेश सरकार शिक्षकों और छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार कार्य कर रही है। डीबीटी के माध्यम से छात्रों को समय पर आर्थिक सहायता देकर शिक्षा में समान अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत जनपद के 3,089 बेसिक शिक्षक, 634 शिक्षामित्र, 38 अंशकालिक अनुदेशक, 23 कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के शिक्षक, 15 विशेष शिक्षक और 627 माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक एवं उनके परिवार इस सुविधा का लाभ प्राप्त करेंगे।

उन्होंने बताया कि जिले के 58,510 छात्र-छात्राओं के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी के लिए 1200 रुपये प्रति छात्र की धनराशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण से शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए और योजना के लाभों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए शैक्षिक स्टॉलों का निरीक्षण किया और शिक्षकों द्वारा तैयार शिक्षण सामग्री, नवाचार आधारित मॉडल और गतिविधियों की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना और डीबीटी वितरण समारोह दादरी के मिहिर भोज बालिका इंटर कॉलेज, जेवर के प्रज्ञान स्कूल और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान दनकौर में भी आयोजित किया गया।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें