ओवरलोड वाहन पर सख्त कार्रवाई |
गौतमबुद्ध नगर में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी के निर्देशों पर परिवहन विभाग और पुलिस ने थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 7 ओवरलोड ट्रकों/डंपरों को पकड़ा गया।
इन सभी वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किए गए और मौके पर ही कुल 8.50 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
इस अभियान का नेतृत्व एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय ने किया। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहन सड़क को नुकसान पहुंचाते हैं और हादसों का बड़ा कारण बनते हैं। अधिक भार होने पर वाहनों के ब्रेक फेल होने और पलटने का खतरा बढ़ जाता है, जो आम लोगों के लिए जानलेवा हो सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परिवहन विभाग और पुलिस की टीमें लगातार जिले में सक्रिय हैं। आगे भी ओवरलोडिंग, बिना परमिट और फिटनेस नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जाएगी।
विभाग ने ट्रांसपोर्टरों, वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे तय सीमा के अनुसार ही माल लोड करें, ताकि सड़क सुरक्षा बनी रहे और जुर्माने से बचा जा सके।