आज राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक |
अयोध्या में आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। यह बैठक दोपहर 3 बजे राम मंदिर परिसर में ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में होगी। बैठक में ट्रस्ट से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
राम मंदिर ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव के अनुसार, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने सभी 14 ट्रस्टियों को बैठक की सूचना और औपचारिक निमंत्रण भेज दिया है। ट्रस्ट को उम्मीद है कि सभी सदस्य बैठक में शामिल होंगे और विभिन्न प्रस्तावों पर अपनी राय रखेंगे।
बैठक में निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा, शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती, परमानंद जी महाराज, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, सदस्य कृष्ण मोहन, दिनेंद्र दास, विश्व तीर्थ प्रपन्नाचार्य जी महाराज और ट्रस्ट के अन्य वरिष्ठ सदस्य शामिल हो सकते हैं। वहीं, भारत सरकार के सचिव प्रशांत लोखंडे और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़ेंगे।
बैठक का सबसे अहम मुद्दा ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर अंतिम फैसला माना जा रहा है। इसके अलावा एसआईटी की शुरुआती और अंतरिम रिपोर्ट, ट्रस्ट के वित्तीय दस्तावेज, नई प्रशासनिक व्यवस्था, नए सीईओ की नियुक्ति और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।
साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट भी बैठक में पेश की जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में लिए गए फैसले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की प्रशासनिक और भविष्य की कार्यप्रणाली के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।