शाहदरा स्टेशन मारपीट में यात्री की मौत |
दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए विवाद में एक यात्री की मौत हो गई। यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हुई, जहां हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में चढ़ने को लेकर यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा भी ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनका कुछ सह-यात्रियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने पंकज के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मौके पर मौजूद आरपीएफ कर्मी ने बीच-बचाव कर पंकज को भीड़ से अलग किया। इसके बाद उन्हें प्लेटफॉर्म पर लिटा दिया गया। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि पंकज के शरीर में हलचल हो रही थी, लेकिन उन्हें तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया।
बाद में उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नई दिल्ली रेलवे के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मारपीट के दौरान पंकज के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटें आई थीं, जो उनकी मौत का कारण बनीं।
घटना की सूचना मिलने के बाद ओल्ड दिल्ली रेलवे पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों और वायरल वीडियो की मदद से मारपीट में शामिल आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।