क्रिप्टोकरेंसी ठगी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार |
नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11.49 लाख रुपये नकद, एक चेकबुक, एक डेबिट कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किया है।
कैम्ब्रिज स्कूल के पास हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने 19 जून 2026 को लोकल इंटेलिजेंस की मदद से सेक्टर-27 स्थित कैम्ब्रिज स्कूल के पास सर्विस रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेर खान और अनुराग पारासरी के रूप में हुई है।
बैग से मिली नकदी और दस्तावेज
गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई। इसमें कुल 11 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक चेकबुक, एक डेबिट कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद हुआ।
दोनों आरोपी स्नातक हैं
पुलिस के अनुसार, उमेर खान की उम्र 22 वर्ष है और वह नोएडा के सेक्टर-50 का रहने वाला है। उसने बीबीए की पढ़ाई की है।
वहीं, दूसरा आरोपी अनुराग पारासरी भी 22 वर्ष का है। वह मूल रूप से बरेली के मीरगंज का निवासी है और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-128 में रह रहा था। उसने बीकॉम की पढ़ाई की है।
दो अन्य साथियों की तलाश जारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस मामले में दो अन्य लोग भी शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में थाना सेक्टर-20 में मुकदमा संख्या 233/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।