Friday, July 10, 2026 10:18:25 PM

ग्रेटर नोएडा ओवरब्रिज पर सवाल
ग्रेटर नोएडा का नया रेलवे ओवर ब्रिज पहली बारिश में क्षतिग्रस्त, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

ग्रेटर नोएडा का नया रेलवे ओवर ब्रिज पहली बारिश में कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क उखड़ने के बाद निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठे, जबकि डीएफसीसीआईएल ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।

ग्रेटर नोएडा का नया रेलवे ओवर ब्रिज पहली बारिश में क्षतिग्रस्त निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
ग्रेटर नोएडा ओवरब्रिज पर सवाल |

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में हाल ही में शुरू किया गया रेलवे ओवर ब्रिज पहली ही बारिश के बाद चर्चा में आ गया है। करीब 15 दिन पहले आम लोगों के लिए खोले गए इस ओवर ब्रिज की सड़क कई स्थानों पर उखड़ गई है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि करीब 858 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत बने ओवर ब्रिज के लगभग 100 मीटर हिस्से में सड़क की ऊपरी परत टूट गई है और कई जगह कंक्रीट भी उखड़ गया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद फ्लाईओवर की सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों का कहना है कि शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल यह ओवर ब्रिज मानसून की पहली बारिश भी नहीं झेल सका।

मामले का वीडियो सामने आने के बाद डीएफसीसीआईएल (DFCCIL) ने तत्काल संज्ञान लिया और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया। अधिकारियों का कहना है कि एक से दो दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत पूरी कर इसे सुरक्षित रूप से यातायात के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।

130 मीटर रोड पर बने इस रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण लंबे समय से चल रहा था। निर्माण पूरा होने के बाद तकनीकी निरीक्षण के विभिन्न चरणों के पश्चात इसे करीब एक माह पहले जनता के लिए खोल दिया गया था।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने फ्लाईओवर का पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होना गंभीर चिंता का विषय है। लोगों ने मांग की है कि केवल मरम्मत ही नहीं, बल्कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संभावित लापरवाही की निष्पक्ष जांच भी कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें