दादरी में करंट से बच्चा झुलसा |
ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 10 साल का बच्चा करंट लगने से झुलस गया। बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दादरी निवासी 10 वर्षीय सुफियान अपनी बहन सानिया के साथ घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह एक बंद दुकान के शटर की चपेट में आ गया, जिसमें अचानक करंट उतर आया था। करंट लगने से सुफियान मौके पर ही बेहोश हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को दादरी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे ग्रेटर नोएडा के एक अन्य अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दादरी थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी बंद दुकान के शटर में करंट आने से वह उसकी चपेट में आ गया। फिलहाल बच्चे का उपचार जारी है।
वहीं, घटना की जानकारी बिजली विभाग को भी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से ग्रेटर नोएडा में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिसके कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि जलभराव की वजह से ही दुकान के शटर में करंट उतरा हो सकता है।