उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। देर रात जारी आदेश में गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में अपर आयुक्त (राज्य कर) के पद पर तैनात 2018 बैच के आईएएस अधिकारी संदीप भगिया का भी स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया गया है।
संदीप भगिया पिछले कुछ समय से विवादों में रहे थे। हाल ही में राज्य कर विभाग के कर्मचारियों ने उन पर कर्मचारियों के उत्पीड़न और अनावश्यक दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शासन से शिकायत की थी। शिकायत के बाद शासन ने उनका तबादला करने का निर्णय लिया।
इससे पहले भी कुछ महिला कर्मचारियों ने उनके खिलाफ उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। उस मामले की जांच कराई गई थी, जिसमें उन्हें आरोपों से मुक्त पाया गया था। जांच के बाद शिकायत करने वाली कुछ महिला कर्मचारियों का भी स्थानांतरण किया गया था।
हाल के दिनों में गौतमबुद्ध नगर के राज्य कर विभाग के कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से शासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। कर्मचारियों का आरोप था कि उन पर अनावश्यक कार्य दबाव बनाया जाता है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि एक कर्मचारी की तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद कर्मचारियों में असंतोष बढ़ गया था।
जानकारी के अनुसार, राज्य कर विभाग के करीब 60 कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव एस.पी. गोयल को पत्र भेजकर संदीप भगिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में अधिकारियों के साथ अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए गए थे। 14 जून को आयोजित एक बैठक के दौरान कथित तौर पर हुई फटकार के बाद अधिकारी वेद प्रकाश सिंह की तबीयत बिगड़ गई थी और वह बेहोश हो गए थे।
वहीं, संदीप भगिया के स्थान पर 2020 बैच के आईएएस अधिकारी परीक्षित खटाना को गौतमबुद्ध नगर का नया अपर आयुक्त (राज्य कर) नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह आजमगढ़ में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वह आगरा में एसडीएम के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।