Saturday, July 18, 2026 02:33:46 AM

नोएडा में चोटी की दुर्घटना!
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हादसा, कार की टक्कर से 3 बच्चे और महिला घायल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर कार की टक्कर से 3 बच्चे और एक महिला घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हादसा कार की टक्कर से 3 बच्चे और महिला घायल
नोएडा में चोटी की दुर्घटना! |

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बिसरख कोतवाली क्षेत्र में स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन स्कूली बच्चे और एक महिला घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चला रही महिला सोसायटी से बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए निकल रही थी। सोसायटी गेट से बाहर आते समय अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर दबने से कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी स्कूटी से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कूटी उछलकर स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों पर जा गिरी।

हादसे के बाद कार चालक महिला मौके से फरार हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया।

घटना के बाद सोसायटी के निवासियों और बच्चों के अभिभावकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सुबह के समय यहां बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल बस का इंतजार करते हैं, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।

वहीं, कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय कार चला रही महिला मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रही थी। हालांकि, पुलिस ने इस बात की अभी पुष्टि नहीं की है।

बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय निवासियों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल समय के दौरान सोसायटी के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत की जाए, स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें