Wednesday, July 22, 2026 04:09:59 AM

नोएडा में दो चोर गिरफ्तार, 10 बाइक बरामद
नोएडा पुलिस ने बाइक चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार, 10 मोटरसाइकिल बरामद

नोएडा पुलिस ने दो बाइक चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की 10 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह 80 से अधिक दोपहिया वाहन चोरी कर चुका है।

नोएडा पुलिस ने बाइक चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश दो आरोपी गिरफ्तार 10 मोटरसाइकिल बरामद
नोएडा में दो चोर गिरफ्तार, 10 बाइक बरामद |

नोएडा के सेक्टर-49 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें चार बाइक ऐसी हैं, जिनकी चोरी के मामले पहले से सेक्टर-49, सेक्टर-20, फेज-3 और सेक्टर-39 थानों में दर्ज हैं। अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरोह अब तक 80 से अधिक दोपहिया वाहन चोरी कर चुका है।

एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि 5 जुलाई को सेक्टर-50 से मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से पुलिस ने सेक्टर-50 स्थित बिजलीघर के पास से बलिंदर और विवेक को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर 10 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुईं।

गिरफ्तार आरोपी बलिंदर (23) मूल रूप से बिहार के कटिहार का रहने वाला है और वर्तमान में होशियारपुर में रह रहा था। वहीं, 19 वर्षीय विवेक सेक्टर-51, नोएडा का निवासी है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नोएडा और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में जाकर पहले रेकी करते थे। जहां बाइक लंबे समय तक खड़ी मिलती, वहां से मौका देखकर चोरी कर लेते थे। इसके बाद वाहनों को सुरक्षित स्थान पर छिपा दिया जाता था और खरीदार मिलने पर उन्हें कम कीमत में बेच दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार, चोरी की बाइक बुलंदशहर, हापुड़, मथुरा और आसपास के क्षेत्रों में 8 हजार से 15 हजार रुपये तक में बेची जाती थीं। बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनके असली मालिकों और संबंधित थानों की जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। बलिंदर के खिलाफ सेक्टर-39 थाने में आबकारी अधिनियम के तहत और विवेक के खिलाफ सेक्टर-24 थाने में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की बाइक खरीदने वाले लोगों की भी तलाश कर रही है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिलों का सत्यापन कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें