फ्यूचर एस्टेट में बकाया भुगतान पर हंगामा |
ग्रेटर नोएडा वेस्ट। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित फ्यूचर वर्ल्ड ग्रुप के आवासीय प्रोजेक्ट फ्यूचर एस्टेट में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बड़ी संख्या में मजदूरों और ठेकेदारों ने बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए परियोजना स्थल का घेराव कर दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व ठेकेदार राज कुमार अत्रि ने किया।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों और ठेकेदारों का आरोप है कि बिल्डर की ओर से लंबे समय से उनका बकाया भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ठेकेदार राज कुमार अत्रि, जो भारतीय सेना के पूर्व सैनिक हैं, ने आरोप लगाया कि बिल्डर उनकी मांगों को सुनने के बजाय सेना के जवानों के लिए अपशब्दों का प्रयोग करता है। साथ ही जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परियोजना में काम करने वाले कई ठेकेदारों और मजदूरों के करोड़ों रुपये बकाया हैं। कई बार भुगतान की मांग करने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उनका यह भी आरोप है कि जब वे अपने भुगतान की मांग को लेकर साइट पर पहुंचते हैं तो उन्हें अंदर जाने से रोका जाता है और उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज तथा धमकी दी जाती है।
मौके पर मौजूद कई ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि बिल्डर के कर्मचारियों और बाउंसरों द्वारा उन्हें डराने और दबाव बनाने की कोशिश की गई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कंपनी के मालिक दीपिन अरोड़ा स्वयं मौके पर आएं और बकाया भुगतान के संबंध में स्पष्ट समय-सीमा घोषित करें।
इस दौरान कुछ फ्लैट खरीदारों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि उन्होंने बिल्डर को तय राशि का भुगतान कर दिया है, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी उन्हें फ्लैट का कब्जा नहीं मिला है। खरीदारों ने परियोजना में देरी और पारदर्शिता की कमी पर सवाल उठाते हुए मानसिक और आर्थिक परेशानी की बात कही।
स्थिति को देखते हुए बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे मजदूरों व ठेकेदारों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल अपना विरोध शांत कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की मौजूदगी में बिल्डर के प्रतिनिधियों और ठेकेदारों के बीच वार्ता जारी थी।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से राज कुमार अत्रि, प्रशांत यादव, नीरज यादव, पुष्पेंद्र, विनोद त्यागी और धनपाल सहित कई लेबर कॉन्ट्रैक्टर मौजूद रहे।
गौरतलब है कि हाल ही में नोएडा फेस-2 क्षेत्र में भी मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन किया था। उस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के हस्तक्षेप के बाद श्रमिकों की अधिकांश मांगों पर सहमति बनी थी और उनके हितों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए गए थे।
अब यह देखना होगा कि फ्यूचर वर्ल्ड ग्रुप से जुड़े इस विवाद में प्रशासन और संबंधित विभाग क्या कार्रवाई करते हैं और मजदूरों, ठेकेदारों तथा फ्लैट खरीदारों की समस्याओं का समाधान कब तक हो पाता है।