गौड़ सिटी-2 में बच्ची से छेड़छाड़, सुरक्षा पर सवाल |
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ सिटी-2 की रक्षा एडेला सोसाइटी में बुधवार शाम एक बाहरी व्यक्ति घुस आया और उसने 13 साल की एक बच्ची के साथ छेड़छाड़ की। आरोपी ने गलत इरादे से बच्ची को टावर की ऊपरी मंजिल पर ले जाया, लेकिन तभी वहाँ एक निवासी पहुँच गया। आरोपी तुरंत मौके से भाग गया।
बच्ची के पिता ने बिसरख कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। सोसाइटी के निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और देर रात तक जमकर हंगामा किया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच चल रही है।
घटना क्या हुई:
सोसाइटी के निवासियों के अनुसार, 13 साल की बच्ची बुधवार शाम किसी काम से सोसाइटी के बाहर गई थी। लौटते समय एक व्यक्ति ने उसे रोका और पैर में चोट लगने का बहाना बनाकर अंदर तक छोड़ने की बात कही।
आरोपी बच्ची के साथ दूसरा गेट इस्तेमाल करके अंदर आया। उस समय गेट पर कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं था। टावर में भी कोई गार्ड तैनात नहीं था। आरोपी ने बच्ची से लिफ्ट का बटन दबाने को कहा। लिफ्ट आते ही उसने बच्ची को अंदर खींच लिया और 14 मंजिला टावर की ऊपरी मंजिल पर ले गया। वहाँ उसने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की और गलत काम करने की कोशिश की।
तभी सोसाइटी का एक निवासी वहाँ पहुँच गया। निवासी को देखते ही आरोपी भाग निकला। बच्ची घर जाकर अपने परिवार को बताया। परिवार ने पुलिस को सूचना दी और सोसाइटी में भी लोगों को बताया। देखते-ही-देखते नीचे भीड़ जमा हो गई। पुलिस मौके पर पहुँची और सीसीटीवी फुटेज मांगी।
पुलिस के अनुसार, एओए ने उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज दे दी है। सभी कैमरों की फुटेज नहीं मिली, लेकिन उपलब्ध फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
सुरक्षा को लेकर हंगामा
घटना के बाद निवासियों ने देर रात तक सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को लेकर विरोध किया। उन्होंने एओए पर लापरवाही का आरोप लगाया। गार्ड न तैनात होने और सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह चालू न होने पर नाराजगी जताई। निवासियों ने मांग की कि घटना की तुरंत निष्पक्ष जांच हो।
एओए अध्यक्ष का बयान:
"सोसाइटी में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे चल रहे हैं। घटना का फुटेज परिवार को और पुलिस को सौंप दिया गया है। एओए पर लापरवाही के सभी आरोप बेबुनियाद हैं।"
– एमसी शर्मा, एओए अध्यक्ष, रक्षा एडेला सोसाइटी
पुलिस का बयान:
"शिकायत मिलने पर जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"