महाकाल दर्शन आए श्रद्धालुओं पर हमला |
उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आए नोएडा के एक श्रद्धालु परिवार के साथ मारपीट और हमला करने का मामला सामने आया है। पार्किंग को लेकर हुए विवाद में फूल-प्रसाद बेचने वाले दो लोगों ने दंपती से मारपीट की। बीच-बचाव करने आई महिला पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। आरोपियों ने उनकी कार के शीशे भी तोड़ दिए।
जानकारी के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) निवासी 31 वर्षीय ट्रांसपोर्ट कारोबारी बलराम दीक्षित अपनी पत्नी रितु और परिवार के साथ शनिवार रात महाकाल मंदिर दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे थे। रात करीब 9:45 बजे चारधाम मंदिर के सामने कार पार्क करने के दौरान फूल-प्रसाद बेचने वाले कमल प्रजापत और कालू कहार, दोनों निवासी जयसिंहपुरा, से विवाद हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने पार्किंग के नाम पर 500 रुपये मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे।
विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं रितु पर कालू कहार ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू उनके हाथ में लगा, जिससे वह घायल हो गईं। इसके बाद आरोपियों ने दंपती की स्कॉर्पियो के शीशे भी तोड़ दिए। घायल महिला को इलाज के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि कमल प्रजापत और कालू कहार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 115(2), 296(B), 324(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर पहले से भी हफ्ता वसूली और मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।