Saturday, July 04, 2026 05:41:26 PM

पत्नी ने पति को मारकर बाथरूम में दफनाया
आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, 45 दिन तक सबको करती रही गुमराह

आगरा में महिला ने पति की कथित हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया। 45 दिन तक परिवार और पुलिस को गुमराह करती रही। जेठ के शक के बाद पूरा मामला सामने आया।

आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव 45 दिन तक सबको करती रही गुमराह
पत्नी ने पति को मारकर बाथरूम में दफनाया |

आगरा में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति की कथित तौर पर हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इसके बाद उसने बाथरूम का फर्श बनवा दिया और करीब 45 दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही। इस दौरान वह पुलिस और परिवार के लोगों को लगातार गुमराह करती रही।

जांच के दौरान महिला पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज भी देखती रही और पति के लापता होने पर रोने का नाटक करती रही। हालांकि, उसके व्यवहार पर जेठ को शक हुआ। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि कोई परेशानी है तो वह उसका साथ देंगे। इसके बाद महिला ने पूरी घटना स्वीकार कर ली।

बाथरूम का फर्श तोड़ने पर मिला कंकाल

महिला की निशानदेही पर पुलिस ने घर के बाथरूम का फर्श तुड़वाया। गड्ढे से केवल कंकाल बरामद हुआ, क्योंकि शव पूरी तरह गल चुका था। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शनिवार को कंकाल की फॉरेंसिक जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम बनाई जाएगी।

खीर में मिलाईं 18 से ज्यादा नींद की गोलियां

पूछताछ में महिला रूबी ने पुलिस को बताया कि उसका पति सुरेंद्र कुमार शर्मा शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर उसने 17 मई की रात खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं। 18 मई की सुबह जब पति मृत मिले तो वह घबरा गई।

इसके बाद उसने अपने जेठ अनिल शर्मा को फोन कर राजस्थान से बुलाया और दोनों बेटियों व सास को घर से भेज दिया। बाद में उसने शव को कमरे से खींचकर बाथरूम तक पहुंचाया, फावड़े से गड्ढा खोदा और शव को वहीं दफना दिया। इसके बाद वह खुद भी राजस्थान चली गई। करीब आठ दिन बाद लौटकर उसने मजदूर बुलवाए और बाथरूम का फर्श बनवा दिया।

पति के घर छोड़ने की झूठी कहानी सुनाई

पुलिस के अनुसार, रूबी ने अपने जेठ को बताया था कि सुरेंद्र उससे झगड़ा कर 5 हजार रुपये लेकर घर छोड़कर चले गए हैं और दो-तीन दिन बाद फोन करेंगे। इसी कहानी के आधार पर वह परिवार और पुलिस को लगातार गुमराह करती रही।

2010 में हुई थी शादी

सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे। वह आगरा के सिकंदरा क्षेत्र की दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियों रिद्धी (13) और सिद्धी (9) के साथ रहते थे। रूबी इटावा की रहने वाली है। सुरेंद्र के पिता राधेश्याम शर्मा शिक्षक थे, जिनका कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है।

18 मई को बच्चों और सास को भेजा गया राजस्थान

सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल शर्मा ने बताया कि 18 मई की सुबह रूबी का फोन आया। उसने कहा कि घर में पुलिस का मामला बन गया है और मां व दोनों बच्चों को वहां से ले जाएं। उसने यह भी कहा कि घर न आएं, क्योंकि तीनों को पास की दुकान पर बैठा दिया गया है।

अनिल आगरा पहुंचे और मां व बच्चों को लेकर राजस्थान चले गए। इसी दौरान रूबी ने फिर फोन कर कहा कि सुरेंद्र जबरदस्ती ताला खुलवाकर 5 हजार रुपये लेकर चले गए हैं और दो-तीन दिन में संपर्क करेंगे।

गुमशुदगी दर्ज, पुलिस के साथ खोजती रही पति को

19 मई को रूबी भी राजस्थान चली गई और करीब सात-आठ दिन वहीं रही। जब सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला तो 26 मई को अनिल शर्मा ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई।

अनिल ने बताया कि इस दौरान रूबी पुलिस के साथ पति की तलाश करती रही और कई बार रोने का नाटक भी करती थी। इसी व्यवहार से उन्हें उस पर शक होने लगा।

जेठ के भरोसे पर कबूल किया जुर्म

शुक्रवार सुबह अनिल शर्मा ने रूबी से कहा कि यदि वह किसी परेशानी में है तो सच बता दे, वह उसका साथ देंगे। इसके बाद रूबी ने पति की हत्या और शव को बाथरूम में दफनाने की पूरी बात बता दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पांच मजदूरों की मदद से करीब 20 मिनट में बाथरूम का फर्श तुड़वाया। गड्ढे से केवल कंकाल बरामद हुआ।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें