मोबाइल विवाद में पत्नी ने की पति की हत्या |
दिल्ली के शाहदरा जिले के जगतपुरी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी के महज सात महीने बाद एक महिला ने अपने पति की कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से पहले दोनों के बीच मोबाइल फोन और विवाहेतर संबंध के शक को लेकर विवाद हुआ था।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय मुस्तकीम उर्फ साहिल के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी पत्नी का नाम अलीशा (20) है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा भी बरामद कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार, 2 जुलाई की तड़के 3:52 बजे जगतपुरी थाने में पीसीआर कॉल मिली। सूचना दी गई कि राशिद मार्केट में एक महिला ने अपने पति का गला घोंट दिया है। सूचना मिलते ही एएसआई हेमंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मुस्तकीम अचेत अवस्था में मिला, जिसे तुरंत डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की मां की शिकायत पर 2 जुलाई को हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने छापेमारी कर अलीशा को एक गुरुद्वारे से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, अलीशा ने बताया कि उसके पति को उस पर विवाहेतर संबंध होने का शक था। इसी वजह से उसने रात में उसका मोबाइल फोन लेकर उसमें सबूत तलाशने शुरू कर दिए। इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले बहस हुई और फिर झगड़ा बढ़ गया। अलीशा का आरोप है कि विवाद के दौरान उसके पति ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद गुस्से में आकर उसने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।
घटना के कुछ देर बाद जब मुस्तकीम की मां कमरे में पहुंचीं तो अलीशा वहां से भाग गई और एक गुरुद्वारे में जाकर छिप गई, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुस्तकीम डिलीवरी बॉय का काम करता था। उसकी शादी 13 दिसंबर 2025 को अलीशा से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी वजह से अलीशा ज्यादातर समय अपने मायके में रहती थी, जिससे मुस्तकीम को उस पर शक होने लगा था।
जानकारी के मुताबिक, अलीशा सोमवार को ही मायके से वापस ससुराल लौटी थी। गुरुवार तड़के दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जो हिंसक हो गया और इसी दौरान मुस्तकीम की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।