पेन जैसी वस्तु पर एडवाइजरी का पुलिस ने खंडन |
बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में पेन जैसी दिखने वाली संदिग्ध वस्तुओं को लेकर जारी की गई एक एडवाइजरी को लेकर नया अपडेट सामने आया है। बुलंदशहर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले की ओर से ऐसी कोई आधिकारिक एडवाइजरी जारी नहीं की गई थी।
बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश सिंह ने ब ताया कि बुलंदशहर पुलिस की तरफ से आम जनता के लिए इस प्रकार की कोई चेतावनी या एडवाइजरी जारी नहीं की गई है।
दरअसल, खुर्जा कोतवाली पुलिस के व्हाट्सएप नंबर से पेन जैसी दिखने वाली कुछ वस्तुओं की तस्वीर साझा की गई थी। इसके बाद लोगों से ऐसी किसी भी संदिग्ध वस्तु से दूर रहने और उसे हाथ न लगाने की अपील की गई थी। साथ ही यह भी कहा गया था कि ऐसी वस्तु दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
13 जून को खुर्जा कोतवाली के इंस्पेक्टर रामफल सिंह ने भी कहा था कि कोई भी व्यक्ति ऐसी संदिग्ध वस्तु को न छुए और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दे। उन्होंने जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल करने की सलाह दी थी।
हालांकि अब इंस्पेक्टर रामफल सिंह का कहना है कि उनकी ओर से इस तरह की कोई बात नहीं कही गई थी। वहीं, बुलंदशहर पुलिस ने भी आधिकारिक रूप से इसका खंडन करते हुए कहा है कि जिला प्रशासन या पुलिस विभाग की ओर से ऐसी कोई एडवाइजरी जारी नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार, बुलंदशहर के डीएम और एसएसपी की तरफ से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक निर्देश या चेतावनी जारी नहीं हुई है।