बुलंदशहर में रोहित मिश्रा का भव्य स्वागत |
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के प्रथम बुलंदशहर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। गुलावठी टोल से भाजपा जिला कार्यालय तक ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और विशाल मालाओं के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
शांति दीप रिसोर्ट में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए रोहित मिश्रा ने युवाओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर और हर व्यक्ति तक पहुंचाने में युवा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि रोहित मिश्रा के नेतृत्व में प्रदेशभर में युवा मोर्चा और अधिक सशक्त होगा तथा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं जिला उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र और जिला स्तर के कई पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही सभी ने रोहित मिश्रा का गर्मजोशी से स्वागत कर उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।