बिना वेरिफिकेशन रखी घरेलू सहायिका फरार |
सेक्टर-19 में रहने वाली एक महिला को बिना पुलिस वेरिफिकेशन के घरेलू सहायिका को काम पर रखना भारी पड़ गया। इस मामले में पीड़िता ने सेक्टर-20 थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-19 निवासी टीना सिंह के घर 3 जुलाई को एक महिला घरेलू सहायिका का काम मांगने पहुंची थी। उस समय घर में साफ-सफाई के लिए मदद की जरूरत होने के कारण टीना सिंह ने उससे बातचीत की। दोनों के बीच काम और शर्तों को लेकर सहमति बनने के बाद महिला को घरेलू सहायिका के रूप में रख लिया गया।
पीड़िता के अनुसार, घरेलू सहायिका पिछले करीब 15 दिनों से नियमित रूप से समय पर घर आ रही थी। वह रोज साफ-सफाई का काम करती और फिर चली जाती थी। शुक्रवार को भी वह काम करने आई, लेकिन काम के दौरान उसने कुछ देर में लौटने की बात कही। वह यह कहकर घर से बाहर गई कि पांच मिनट में वापस आ जाएगी, लेकिन उसके बाद वह लौटकर नहीं आई।
काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला, तो टीना सिंह ने सेक्टर-20 थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घरेलू सहायिका की पहचान व तलाश में जुटी हुई है। साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि किसी भी घरेलू कर्मचारी को काम पर रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं।