डिबाई में खुशबू सिंह ने खोला जनसंपर्क कार्यालय |
भारतीय जनता पार्टी की प्रबल दावेदार खुशबू सिंह ने सोमवार को डिबाई में अपने जनसंपर्क कार्यालय का शुभारंभ किया। नगर के नुमाइश ग्राउंड रोड स्थित कार्यालय का उद्घाटन वरिष्ठ समाजसेवी सोमदत्त शर्मा 'गुरुजी' ने फीता काटकर किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की गई।
कार्यालय उद्घाटन के दौरान खुशबू सिंह ने कहा कि यह कार्यालय सिर्फ राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम जनता की समस्याओं के समाधान का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सप्ताह एक या दो दिन "जनता दर्शन" कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के लोग सीधे अपनी समस्याएं और सुझाव उनके सामने रख सकेंगे।
खुशबू सिंह ने कहा कि जनता की हर समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी उन्हें डिबाई विधानसभा से प्रत्याशी बनने का अवसर देती है, तो क्षेत्र का सर्वांगीण और समग्र विकास उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई। खुशबू सिंह ने कहा कि वह क्षेत्रवासियों के हर सुख-दुख में परिवार के सदस्य की तरह साथ खड़ी रहेंगी और डिबाई को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी।
जनसंपर्क कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। लोगों ने खुशबू सिंह का स्वागत करते हुए उनके जनसेवा के संकल्प और क्षेत्र के विकास के विजन की सराहना की।
इस मौके पर अजय शर्मा, टीटू लोधी, योगेश लोधी, हिमांशु सिंह, मुकेश लोधी, कैलाश लोधी, हेमंत राजपूत, विमलेश देवी, सरिता गुप्ता, गोविंद सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।