MP-1 रोड पर बनेगा 5.43 किमी एलिवेटेड रोड |
शहर में बढ़ते ट्रैफिक को कम करने और लोगों की यात्रा आसान बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने एमपी-1 रोड पर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना को आगे बढ़ाया है। अब यह एलिवेटेड रोड सेक्टर-3 से सेक्टर-60 तक बनाई जाएगी और इसे आगे एमपी-2 रोड से जोड़ा जाएगा। इसकी कुल लंबाई 5.43 किलोमीटर होगी और इसे छह लेन में विकसित किया जाएगा।
परियोजना का डिजाइन और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) आईआईटी रुड़की तैयार करेगी। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण ने कंसल्टेंसी शुल्क के रूप में 1 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आईआईटी रुड़की एक महीने के भीतर फिजिबिलिटी स्टडी पूरी कर डीपीआर तैयार करेगी। फिलहाल इस परियोजना की अनुमानित लागत 700 करोड़ रुपये है।
इस परियोजना का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा सेक्टर-12/22 टी-प्वाइंट होगा, जहां सड़क को मोड़ने के लिए विशेष डिजाइन तैयार किया जाएगा। यहां 90 डिग्री के मोड़ से बचने के लिए पहले से घुमावदार संरचना बनाई जाएगी, ताकि वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और सुचारु बनी रहे।
एलिवेटेड रोड बनने के बाद डीएनडी से सेक्टर-62 तक का सफर करीब 10 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। साथ ही रजनीगंधा चौराहे से सेक्टर-12/22-56 तिराहे तक पीक आवर में लगने वाले जाम से भी लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे दिल्ली, खोड़ा, इंदिरापुरम और नोएडा के औद्योगिक व आवासीय क्षेत्रों के बीच यातायात अधिक तेज और सुगम होगा।