कोलकाता गोदाम हादसा 14 मौतें |
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम ढहने के हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। दुर्घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार सुबह भी बचाव दल ने मलबे से कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अब तक कुल 19 लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है।
राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की सूची जारी कर दी है। मृतकों की पहचान कृष्णा चौधरी (30), रोहित चौधरी (40), राहुल चौधरी (17), चंद्रमा चौधरी (60), पप्पू रजक (40), असगर हुसैन (55), साहिल सरदार (17), घी कुमार (17), असगर हुसैन (54), हसन इमाम (44), गणेश कलंदी (45), नवीन सिंह (44) और स्वपन मंडल (56) के रूप में हुई है।
हादसे में घायल लोगों का इलाज एसएसकेएम अस्पताल में चल रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी पीड़ितों की पहचान और आधिकारिक जानकारी जुटाने का काम जारी है। जल्द ही सभी का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाएगा।
यह हादसा बुधवार दोपहर तारातला इलाके में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर हुआ था। यहां एक निर्माणाधीन गोदाम में काम चल रहा था। रोज की तरह मजदूर निर्माण कार्य में लगे थे, तभी गोदाम की छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे के नीचे कई मजदूर दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रशासन का कहना है कि अभी भी कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। इसी वजह से बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है और राहत दल लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं।
विधानसभा में इस घटना पर बयान देते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।