नोएडा प्लॉट के नाम पर 80 लाख की ठगी |
नोएडा के सेक्टर-86 में प्लॉट बेचने के नाम पर 80 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद सेक्टर-24 थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
1.95 करोड़ रुपये में तय हुआ था सौदा
सेक्टर-75 स्थित जेएम अरोमा सोसाइटी निवासी दीपक चौहान ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह काफी समय से प्लॉट खरीदने की तलाश में थे। वर्ष 2025 में उनकी मुलाकात सेक्टर-49 निवासी धर्मेंद्र चौहान से हुई, जिसने सेक्टर-86 में 330 वर्ग मीटर का एक भूखंड अपना बताकर दिखाया।
दोनों के बीच इस प्लॉट का सौदा 1 करोड़ 95 लाख 91 हजार 440 रुपये में तय हुआ।
अलग-अलग किस्तों में दिए 80 लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, 12 नवंबर 2025 को 10 लाख रुपये बयाने के रूप में दिए गए। इसके बाद 26 दिसंबर 2025 को नोटराइज्ड एग्रीमेंट टू सेल किया गया, जिस दौरान 10 लाख रुपये और ट्रांसफर किए गए।
बाद में 14 फरवरी को 25 लाख रुपये चेक से और 35 लाख रुपये नकद दिए गए। इस तरह आरोपी को कुल 80 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
जांच में खुला राज
जब पीड़ित ने प्लॉट की रजिस्ट्री कराने की बात कही तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण से जानकारी लेने पर पता चला कि जिस भूखंड को आरोपी अपना बताकर बेच रहा था, उसका वास्तविक मालिक गेझा तिलपताबाद गांव निवासी रामबक्श उर्फ भूले है।
रुपये मांगने पर दी धमकी
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने रामबक्श उर्फ भूले के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और धोखाधड़ी की।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस
थाने में कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने अदालत का रुख किया। कोर्ट के आदेश के बाद सेक्टर-24 थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दस्तावेजों और लेनदेन की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।