कोलकाता में गोदाम का शेड गिरा, दो मौत |
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित एक निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से 60 मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। विभिन्न एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि घटना के समय निर्माण स्थल पर बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे, जिसके चलते कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री इंद्रनील खान ने कहा कि फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने बताया कि सभी बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य लगातार जारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह निर्माण गैरकानूनी था, जो तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बनाया गया था।
बचाव कार्य में कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमें जुटी हुई हैं। सेना के जवान भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं। मलबा हटाने और गिरी हुई लोहे की बीमों को हटाने के लिए क्रेन और अन्य भारी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
हादसे के बाद राज्य सरकार ने पीड़ितों और उनके परिजनों की सहायता के लिए राज्य सचिवालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। साथ ही आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
हेल्पलाइन नंबर:
टोल फ्री: 1070
मोबाइल: 8697981070
लैंडलाइन: 033-22143526 / 033-22535185