नोएडा में अवैध शराब होम डिलीवरी गिरोह पकड़ा |
गौतमबुद्धनगर आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नोएडा के सेक्टर-73, सर्फाबाद में फोन पर ऑर्डर लेकर शराब की होम डिलीवरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 और क्षेत्र-4 की संयुक्त टीम ने थाना सेक्टर-113 पुलिस के सहयोग से की।
डिलीवरी के दौरान आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान टीम ने अनिल, निवासी हाथरस, को अवैध शराब की डिलीवरी करते समय रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर एक किराए के फ्लैट में छापा मारकर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
27 बोतल विदेशी शराब बरामद
पुलिस और आबकारी विभाग ने फ्लैट से जेम्सन, ब्लैक एंड व्हाइट, एब्सलूट वोडका, बॉम्बे सैफायर, जॉनी वॉकर डबल ब्लैक, रोकू जिन और बेलीज ब्रांड की कुल 27 बोतल इम्पोर्टेड विदेशी शराब बरामद की।
इसके अलावा मौके से एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
हरियाणा से लाई गई होने का शक
प्रारंभिक जांच में पता चला कि बरामद शराब की बोतलों पर उत्तर प्रदेश का QR कोड नहीं था। इससे आशंका है कि शराब हरियाणा से लाई गई थी। फिलहाल आबकारी विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।
फरार संचालक की तलाश जारी
मामले में गिरोह के फरार संचालक की तलाश की जा रही है। इस संबंध में थाना सेक्टर-113 में एफआईआर संख्या 0349 दर्ज की गई है।
आबकारी विभाग ने कहा है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।