बादलपुर दुर्घटनाएं: अनियंत्रित ट्रक के चालक की मौत |
बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के छपरौला के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरिया से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पहले बिजली के ट्रांसफॉर्मर से टकराया और फिर सड़क किनारे खुले नाले में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे ट्रक दादरी से गाजियाबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद ट्रक नाले में जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में लदा सरिया तेज झटके के कारण आगे की ओर खिसक गया, जिससे ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके अंदर फंस गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बुलंदशहर निवासी 28 वर्षीय आमिर पुत्र मकसूद के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बादलपुर कोतवाली प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। दुर्घटना के कारण जीटी रोड पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।