नोएडा इस्कॉन जगन्नाथ रथयात्रा 2026 |
16 जुलाई 2026 को नोएडा में इस्कॉन (ISKCON) द्वारा भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। रथयात्रा में देश-विदेश से आए करीब 6,000 श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पूरे मार्ग पर "जय जगन्नाथ" तथा "हरे कृष्ण" के जयघोष गूंजते रहे।
रथयात्रा के लिए इस्कॉन नोएडा के इंजीनियर भक्तों ने करीब 50 फीट ऊंचा विशेष रथ तैयार किया था। आधुनिक तकनीक से निर्मित इस रथ की ऊंचाई आवश्यकता के अनुसार कम या अधिक की जा सकती थी। विभिन्न प्रकार के फूलों से सजे इस रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई भगवान बलदेव और बहन देवी सुभद्रा के दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
रथयात्रा की शुरुआत भगवान की आरती और नारियल फोड़कर की गई। इसके बाद भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए। भगवान जगन्नाथ को संपूर्ण जगत का नाथ माना जाता है, इसलिए उन्हें देशी और विदेशी सभी प्रकार के सात्विक व्यंजन अर्पित किए गए।
जैसे ही रथयात्रा शुरू हुई, पूरा वातावरण "जय जगन्नाथ" और "हरे कृष्ण" महामंत्र के कीर्तन से गूंज उठा। कई कीर्तन मंडलियों और रंग-बिरंगे बैनरों के साथ यह शोभायात्रा लगभग आधा किलोमीटर लंबे जुलूस में बदल गई। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ नृत्य और संकीर्तन करते हुए यात्रा में शामिल हुए।
मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ अत्यंत कृपालु स्वरूप हैं और अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए स्वयं रथ पर सवार होकर सड़कों पर निकलते हैं। यही कारण है कि जगन्नाथ रथयात्रा को सनातन परंपरा का सबसे महत्वपूर्ण और लोकप्रिय धार्मिक उत्सव माना जाता है।
रथयात्रा शाम 4 बजे सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे से शुरू हुई और सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन, अट्टा मार्केट, सब मॉल चौक, डीएम चौक, सेक्टर-20, 21, 25, 26 चौक और अडोब चौक से होते हुए इस्कॉन नोएडा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भगवान जगन्नाथ की रंगोली बनाकर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया और यात्रा में शामिल भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
यह रथयात्रा वैदिक परंपरा और निर्धारित तिथि के अनुसार उसी दिन आयोजित की गई, जिस दिन पुरी में विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रील प्रभुपाद के निजी शिष्य परम पूज्य लोकनाथ स्वामी महाराज और उनके अमेरिकी शिष्य परम पूज्य श्री कृष्ण चैतन्य स्वामी महाराज ने अपने मधुर कीर्तन से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रथयात्रा के समापन के बाद शाम 7 बजे इस्कॉन नोएडा मंदिर में सभी श्रद्धालुओं को डिनर प्रसाद वितरित किया गया।
गौरतलब है कि इस वर्ष इस्कॉन अपनी स्थापना के 60 वर्ष पूरे कर रहा है। इस विशेष अवसर पर आयोजित रथयात्रा में अमेरिका, कनाडा, रूस, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों से भी भक्त शामिल हुए। पूरे आयोजन में देश-विदेश के लगभग 6,000 श्रद्धालुओं की भागीदारी रही और पूरा कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।