गौतमबुद्ध नगर 5 अस्पतालों में मॉड्यूलर ओटी |
जिले के पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जल्द ही मरीजों को जटिल सर्जरी की सुविधा मिलने लगेगी। शासन के निर्देश पर आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक मेडिकल उपकरणों से लैस मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) तैयार किए जा रहे हैं। इनका निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, भंगेल, भंगेल मैटरनिटी चाइल्ड अस्पताल, दादरी, बादलपुर और जेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान शेष कार्यों को जल्द पूरा कर ओटी शुरू करने का भरोसा दिया है।
दरअसल, शासन ने वर्ष 2025 में गौतमबुद्ध नगर सहित आठ जिलों के 17 अस्पतालों में कुल 27 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने का फैसला लिया था। अब तक इन अस्पतालों में केवल सामान्य ऑपरेशन थिएटर उपलब्ध थे। गंभीर सड़क हादसों या अन्य जटिल मामलों में आधुनिक सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली के उच्च स्तरीय अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था।
नए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों में अत्याधुनिक मेडिकल उपकरणों के साथ प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी, जिससे गंभीर मरीजों का इलाज स्थानीय स्तर पर ही बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन ऑपरेशन थिएटरों का निर्माण ट्रॉमा केयर अंडर स्कीम फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट स्कीम के तहत किया जा रहा है। निर्माण कार्य की नियमित निगरानी के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने अलग टीम भी गठित की है।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन कुमार ने बताया कि भंगेल सीएचसी, भंगेल मैटरनिटी चाइल्ड अस्पताल, बादलपुर, जेवर और दादरी सीएचसी में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल पावर बैकअप के लिए यूपीएस लगाए जाने बाकी हैं। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने शासन को अनुमोदन पत्र भेज दिया है। स्वीकृति मिलते ही यूपीएस स्थापित कर ऑपरेशन थिएटरों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों में इलेक्ट्रॉनिक ऑपरेशन टेबल, अत्याधुनिक मॉनिटर, आधुनिक मेडिकल मशीनें और केंद्रीय वातानुकूलित (सेंट्रल एसी) जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिले में पांच मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनाए जा रहे हैं। इनका निर्माण अंतिम चरण में है और इनके शुरू होने के बाद गंभीर मरीजों की जटिल सर्जरी भी जिले के सरकारी अस्पतालों में आसानी से की जा सकेगी।