Wednesday, June 24, 2026 10:42:26 PM

ट्रेड डील के विरोध में भाकियू का मार्च
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में भाकियू का पैदल मार्च, डीएम कार्यालय पर सौंपा ज्ञापन

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में भाकियू ने ग्रेटर नोएडा में काली पट्टी बांधकर पैदल मार्च निकाला। किसानों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और बाइपास निर्माण की मांग भी उठाई।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में भाकियू का पैदल मार्च डीएम कार्यालय पर सौंपा ज्ञापन
ट्रेड डील के विरोध में भाकियू का मार्च |

ग्रेटर नोएडा। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर पैदल मार्च निकाला। किसान विकास भवन से जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचे और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।

किसान नेताओं ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच होने वाला संभावित व्यापार समझौता कृषि, डेयरी और खाद्यान्न क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उनका कहना है कि इस समझौते से विदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे देश के किसानों और पशुपालकों की आय प्रभावित होने की आशंका है। किसानों ने सरकार से मांग की कि किसी भी व्यापारिक समझौते पर निर्णय लेते समय कृषि क्षेत्र और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाए।

इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने दनकौर क्षेत्र के खेड़ा देवत मंदिर से सिकंदराबाद रोड तक जाने वाले जर्जर बाइपास मार्ग के निर्माण की मांग भी उठाई। किसानों का कहना है कि सड़क की स्थिति काफी खराब है और इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बाइपास निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

प्रदर्शन में अनुज नागर, मोनू कसाना, यशपाल भाटी, राधेश्याम चेयरमैन, अधिवक्ता कपिल, वहाब चौधरी सहित कई किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें