वकीलों के आंदोलन को BKU सुनील का समर्थन |
गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) सुनील के पदाधिकारियों ने जिला कचहरी पहुंचकर गाजियाबाद बार एसोसिएशन के चल रहे आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। संगठन के जिला अध्यक्ष अंकित गुर्जर के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधिमंडल ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन किया।
इस दौरान अंकित गुर्जर ने कहा कि किसान और अधिवक्ता दोनों ही समाज में अन्याय के खिलाफ संघर्ष करते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक अधिवक्ताओं की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक भारतीय किसान यूनियन सुनील उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार अधिवक्ताओं की जायज मांगों को अनदेखा करती है, तो किसान भी आंदोलन के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। उनके अनुसार अन्नदाता और कानून के रखवाले एक-दूसरे के पूरक हैं और वकीलों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष मोनू शर्मा एडवोकेट ने कहा कि किसानों की जमीन, मुआवजा और अन्य कानूनी मामलों में अधिवक्ता किसानों की आवाज बनते हैं। उन्होंने कहा कि वकीलों पर हमला किसानों के हितों पर हमला माना जाएगा।
बीकेयू सुनील ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही अधिवक्ताओं की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो किसान संगठन भी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।