वाराणसी से महेश बाबू का लुक वायरल |
एस.एस. राजामौली की आने वाली फिल्म 'वाराणसी' को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। फिल्म से जुड़ी हर नई जानकारी सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन रही है। इसी बीच फिल्म के सेट से सामने आई एक तस्वीर ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर वायरल हो रही इस तस्वीर में महेश बाबू भगवान राम के वनवास वाले लुक में नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर 'कोइमोई' की एक रिपोर्ट के स्क्रीनशॉट के रूप में शेयर की गई है। तस्वीर में ऐसा लग रहा है कि महेश बाबू शूटिंग कर रहे हैं और क्रू के सदस्य उन्हें शॉट देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स इसकी तुलना रणबीर कपूर के फिल्म 'रामायण' वाले राम लुक से करने लगे। एक यूजर ने लिखा कि नमित मल्होत्रा और रणबीर कपूर को तैयार रहना चाहिए, क्योंकि राजामौली के कुछ मिनटों के सीन भी पूरी फिल्म पर भारी पड़ सकते हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने दावा किया कि इस तरह की तस्वीरें जानबूझकर लीक की जा रही हैं, जैसा पहले हॉलीवुड में देखने को मिला है।
कुछ लोगों ने महेश बाबू के लुक की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा कि वह इस किरदार के लिए बिल्कुल फिट लग रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि तस्वीर इतनी परफेक्ट लग रही है कि यह एआई से बनी हुई भी लग सकती है।
फिल्म को लेकर पहले भी एस.एस. राजामौली ने महेश बाबू के राम अवतार की तारीफ की थी। उन्होंने पिछले साल एक कार्यक्रम में कहा था कि जब महेश बाबू पहली बार भगवान राम के गेटअप में फोटोशूट के लिए आए, तो उन्हें देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए थे। राजामौली ने यह भी बताया था कि उन्होंने उस तस्वीर को कुछ समय के लिए अपने मोबाइल का वॉलपेपर भी बनाया था, लेकिन बाद में उसे हटा दिया ताकि वह लीक न हो जाए।
फिल्म 'वाराणसी' में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। वहीं, पृथ्वीराज सुकुमारन खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी भी चर्चाएं हैं कि वह कुंभकर्ण के किसी रूप में दिखाई दे सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह फिल्म साल 2027 में रिलीज होने वाली है।