Thursday, July 02, 2026 10:55:37 PM

शाह रुख खान ने क्रिकेट का नया इतिहास लिखा
शाह रुख खान ने रचा नया इतिहास, लॉस एंजेलिस में बनवाया नाइट राइडर्स का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम

शाह रुख खान के नाइट राइडर्स ग्रुप ने लॉस एंजेलिस में अपना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया। इसके साथ ही नाइट राइडर्स दुनिया का पहला ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन गया।

शाह रुख खान ने रचा नया इतिहास लॉस एंजेलिस में बनवाया नाइट राइडर्स का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
शाह रुख खान ने क्रिकेट का नया इतिहास लिखा |

बॉलीवुड सुपरस्टार शाह रुख खान का क्रिकेट के प्रति प्यार किसी से छिपा नहीं है। आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सह-मालिक शाह रुख खान ने अब वैश्विक क्रिकेट जगत में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। नाइट राइडर्स ग्रुप ने अमेरिका के लॉस एंजेलिस में अपना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तैयार कराया है।

इसके साथ ही नाइट राइडर्स दुनिया का पहला ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन गया है, जिसने अपना खुद का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया है।

शाह रुख खान ने शेयर किया खास संदेश

इस उपलब्धि की जानकारी शाह रुख खान ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए दी।

उन्होंने लिखा कि जो कभी सिर्फ एक सपना था, वह अब हकीकत बन गया है। दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा देखे जाने वाले खेल क्रिकेट को लॉस एंजेलिस तक लाना उनके लिए एक ऐतिहासिक पल है।

शाह रुख ने बताया कि फेयरप्लेक्स और नाइट राइडर्स के बीच हुई यह दीर्घकालिक साझेदारी सिर्फ एक क्रिकेट स्टेडियम बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य एक ऐसी जगह तैयार करना है जहां समुदाय, एकजुटता, खेल के प्रति जुनून और मनोरंजन का उत्सव मनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि यह स्थान केवल क्रिकेट के लिए नहीं, बल्कि परिवारों, मनोरंजन और ऐसी यादों के लिए भी बनाया गया है जो लोगों के साथ हमेशा जुड़ी रहेंगी। उन्हें उम्मीद है कि यह स्टेडियम लॉस एंजेलिस में क्रिकेट का नया घर बनेगा और आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों व क्रिकेट प्रेमियों को प्रेरित करेगा।

अपने संदेश के अंत में शाह रुख खान ने इस पहल के लिए आईसीसी के चेयरमैन जय शाह का भी धन्यवाद किया।

दुनिया का बड़ा क्रिकेट ब्रांड बन चुका है नाइट राइडर्स

नाइट राइडर्स ग्रुप आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक मजबूत ग्लोबल ब्रांड के रूप में पहचान बना चुका है। इस ग्रुप के नाम अब तक कुल 9 खिताब दर्ज हैं।

फिलहाल नाइट राइडर्स ग्रुप के तहत चार पेशेवर टी20 फ्रेंचाइजियां खेलती हैं-

  • कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) – टाटा आईपीएल
  • ट्रिनबागो नाइट राइडर्स (TKR) – कैरेबियन प्रीमियर लीग
  • अबू धाबी नाइट राइडर्स (ADKR) – यूएई की इंटरनेशनल लीग टी20
  • लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स (LAKR) – अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट

इन्हीं उपलब्धियों की बदौलत नाइट राइडर्स ग्रुप को दुनिया के सबसे बहुमुखी और सफल टी20 क्रिकेट ब्रांड्स में गिना जाता है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें