प्रयागराज ट्रिपल मर्डर से गांव में सनसनी |
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक बार फिर सामूहिक हत्या की घटना से सनसनी फैल गई है। यमुनानगर के मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की देर रात बेरहमी से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
मामले में लापरवाही सामने आने पर रामनगर पुलिस चौकी के दरोगा राम विलाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमों को लगाया गया है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
रात में घर पर हमला, भागने की कोशिश में गई जान
जानकारी के अनुसार, वारदात सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि तीन से चार लोग धारदार हथियार लेकर घर पहुंचे और सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान पीड़ितों ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर पीट-पीटकर हत्या कर दी।
घटनास्थल की स्थिति से भी संकेत मिले हैं कि पीड़ितों को दौड़ाकर निशाना बनाया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
तीनों शव घर से 20 मीटर दूर मिले
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अमरावती देवी पत्नी नींबूलाल (65), इंद्रावती देवी पत्नी दूधनाथ (62) और श्याम लाल पुत्र गुलजार (65) के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे।
चौंकाने वाली बात यह रही कि तीनों के शव उनके घर से करीब 20 मीटर दूर मिले। इस घटना ने पूरे कुकुरकटवा गांव को झकझोर कर रख दिया है।
परिवार के बारे में जानकारी
गांव निवासी श्याम लाल गुप्ता उर्फ कल्लू गुप्ता (65) पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दो भाइयों दूधनाथ और मंजेश की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। घर में श्याम लाल, उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ पत्नी फूलकली, नेब्बू लाल की पत्नी अमरावती देवी और दिवंगत दूधनाथ की पत्नी इंद्रावती देवी रहती थीं।
हमले के दौरान श्याम लाल, अमरावती देवी और इंद्रावती देवी की हत्या कर दी गई, जबकि श्याम लाल की पत्नी फूलकली को कोई चोट नहीं आई।
परिजनों ने गांव के युवक पर लगाया आरोप
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी। बताया जा रहा है कि यह धमकी किसी पुरानी रंजिश के चलते दी गई थी।
पुलिस अब इस आरोप और धमकी के पहलू की भी जांच कर रही है।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला
मृतक मंजेश के परिजनों का आरोप है कि गांव का रहने वाला हिमांशु यादव उनकी बेटी प्रिया गुप्ता से जबरन शादी करना चाहता था। परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर वह परिवार को लगातार धमकी दे रहा था।
परिजनों का आरोप है कि हिमांशु यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा मौके पर पहुंचे और जांच की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है, लेकिन जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।