जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास, निवेश को बढ़ावा देने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की कई समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इनमें अनियोजित बिजली कटौती, जल कनेक्शन और जलापूर्ति की दिक्कतें, पानी के बिलों का उचित निस्तारण, जलभराव, ड्रेनेज व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण, जीएसटी एवं सीजीएसटी नोटिसों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याएं तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
जिलाधिकारी ने सभी मुद्दों का संज्ञान लेते हुए कहा कि उद्योगों के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बैठक में उठाए गए सभी विषयों पर संबंधित विभागों के माध्यम से समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन किया जाए और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर औद्योगिक गतिविधियों को गति दी जाएगी, जिससे निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अरुण कुमार, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।