मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। अंजुम पैलेस के पास एक युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवती को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवती शाहीन का एक दिन पहले जन्मदिन था। गुरुवार शाम वह अपनी दोस्त आयशा के साथ एक रिश्तेदार के घर जन्मदिन मनाकर लौट रही थी। इसी दौरान अंजुम पैलेस के पास उसके परिचित कैफ ने दोनों को रोक लिया।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कैफ ने तमंचे से शाहीन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। वारदात के बाद एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले भी घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता के बीच पहले से प्रेम संबंध थे। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता घायल युवती का इलाज कराना रही, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।
जांच में यह भी पता चला है कि दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, आरोपी कैफ कुछ समय पहले अपनी एक रिश्तेदार से प्रेम विवाह कर चुका था। इसके बावजूद वह शाहीन की शादी नहीं होने देना चाहता था। बताया जा रहा है कि शाहीन की शादी तय होने वाली थी, जिसे लेकर दोनों के बीच तनाव था।
घायल युवती की दोस्त आयशा ने बताया कि लौटते समय कैफ ने उनकी गाड़ी रुकवाई, चाबी निकाल ली और फिर शाहीन को गोली मार दी।
पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।