Friday, August 14, 2026 09:30:31 AM

सुल्तानपुर चाय दुकानदार हमला
सुल्तानपुर में चाय दुकानदार पर दबंगों का हमला, दुकान में घुसकर मारपीट और लूट; CCTV में कैद हुई वारदात

सुल्तानपुर बस स्टैंड पर चाय दुकानदार के साथ मारपीट और लूट की घटना CCTV में कैद हुई। आरोपियों ने सोने की चेन और ₹600 छीन लिए। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सुल्तानपुर चाय दुकानदार हमला

शहर के बस स्टैंड स्थित एक चाय की दुकान पर दबंगों द्वारा मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने दुकानदार के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसके गले से सोने की चेन तथा जेब में रखे 600 रुपये छीन लिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

यह घटना कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित 'चाय स्टेशन' नामक दुकान की है। दुकान का संचालन पुरानी बाजार, शाहगंज निवासी अंशु कुमार करते हैं।

पीड़ित अंशु कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 14 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे सचिन दुबे, निशांत और रणविजय सिंह अपने कुछ साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने मिलकर अंशु कुमार पर हमला कर दिया और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

अंशु कुमार का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन और जेब में रखे 600 रुपये भी जबरन छीन लिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित ने यह भी बताया कि 10 जुलाई को भी इन्हीं लोगों ने उनके साथ विवाद किया था और वे अक्सर दुकान पर आकर झगड़ा करते थे। जाते समय आरोपियों ने दोबारा सामने आने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

मामले पर सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें