दिल्ली में अचानक आंधी और बारिश |
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार और गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह तक तेज धूप, उमस और गर्मी से परेशान लोगों को दोपहर बाद राहत मिली, जब आसमान में घने काले बादल छा गए और कई इलाकों में दिन के समय ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई।
गुरुवार दोपहर बाद गुरुग्राम में तेज अंधड़ के साथ मौसम बदला, जबकि दक्षिण दिल्ली समेत एनसीआर के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि तेज हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई।
भारत मौसम विभाग (IMD) ने 4 और 5 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन दिनों गरज-चमक, धूलभरी आंधी, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसके प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिला। हालांकि 7 से 9 जून के बीच मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है, जिससे तापमान फिर 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है और गर्मी बढ़ने की संभावना है।