Thursday, July 02, 2026 10:33:58 PM

इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी बीजेपी में शामिल
MCD की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव, इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का BJP में हो सकता है विलय

दिल्ली MCD में इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 16 पार्षदों के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा तेज है। विलय होने पर बीजेपी के पार्षदों की संख्या 139 हो जाएगी।

mcd की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का bjp में हो सकता है विलय
इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी बीजेपी में शामिल |

दिल्ली नगर निगम (MCD) की राजनीति में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर बने पार्षदों के समूह इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (IVP) के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में विलय की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, IVP के 16 पार्षद जल्द बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच विलय को लेकर बातचीत पूरी हो चुकी है और सहमति भी बन गई है। अब इसकी औपचारिक घोषणा जल्द होने की संभावना जताई जा रही है।

चेयरमैन और स्टैंडिंग कमेटी चुनाव से पहले हलचल

यह राजनीतिक घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब इसी महीने MCD के 12 जोन में चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के साथ-साथ छह स्टैंडिंग कमेटी सदस्यों का चुनाव होना है।

गौरतलब है कि फरवरी 2025 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार के करीब तीन महीने बाद पार्टी को बड़ा झटका लगा था। उस समय उसके 16 पार्षदों ने अलग होकर इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का गठन किया था।

इस घटनाक्रम का असर वार्ड कमेटियों और स्टैंडिंग कमेटी के चुनावों पर भी पड़ा। मेयर पद गंवाने के बाद आम आदमी पार्टी ने स्टैंडिंग कमेटी में भी अपना बहुमत खो दिया।

IVP का रहा BJP को समर्थन

तब से छह बार के पार्षद मुकेश गोयल के नेतृत्व वाली इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी MCD सदन में अप्रत्यक्ष रूप से बीजेपी का समर्थन करती रही है। हालांकि, कई मुद्दों पर दोनों दलों के बीच मतभेद भी सामने आते रहे हैं।

विलय के बाद BJP को मिलेगा स्पष्ट बहुमत

फिलहाल MCD के 250 पार्षदों में से बीजेपी के पास 123, आम आदमी पार्टी के पास 100, इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के पास 16, कांग्रेस के पास 9, फॉरवर्ड ब्लॉक के पास 1 पार्षद है, जबकि एक सीट खाली है।

यदि IVP का बीजेपी में विलय होता है, तो बीजेपी के पार्षदों की संख्या बढ़कर 139 हो जाएगी। इससे पार्टी को MCD सदन में स्पष्ट बहुमत मिल जाएगा।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें