यूपी रेरा ने 10 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी |
उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) की गुरुवार को हुई बोर्ड बैठक में गौतमबुद्ध नगर समेत चार जिलों की 10 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दे दी गई। इन परियोजनाओं के जरिए करीब 1,278 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और 4,498 फ्लैट, विला तथा दुकानों का निर्माण किया जाएगा।
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि स्वीकृत परियोजनाओं में आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित श्रेणी की योजनाएं शामिल हैं।
गौतमबुद्ध नगर में 496.27 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली दो व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं के तहत 981 दुकानें और स्टूडियो अपार्टमेंट विकसित किए जाएंगे।
वहीं, राजधानी लखनऊ में छह परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन पर करीब 438.29 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा। इन योजनाओं में 2,284 फ्लैट और दुकानों का निर्माण किया जाएगा। इनमें पांच आवासीय और एक मिश्रित श्रेणी की परियोजना शामिल है।
इसके अलावा आगरा में 223.04 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत 761 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा।
गाजियाबाद में 120.88 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली एक व्यावसायिक परियोजना को भी स्वीकृति मिली है। इसके माध्यम से 472 दुकानों का निर्माण किया जाएगा।