ग्रेटर नोएडा के फ्लैट खतरे में |
सेक्टर म्यू-1 स्थित जनता फ्लैट्स में रहने वाले करीब 400 परिवार जर्जर इमारतों के कारण लगातार खतरे में जीवन बिता रहे हैं। फ्लैट्स की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन प्लास्टर और छज्जे टूटकर नीचे गिर रहे हैं। हाल ही में एक बड़ा छज्जा गिरने से एक कार और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
इन जनता फ्लैट्स का आवंटन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वर्ष 2010 में 30 वर्गमीटर श्रेणी के तहत किया था। लोगों ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर यहां घर खरीदे थे, लेकिन महज 16 वर्षों में ही इमारतों की हालत बेहद खराब हो गई है।
रखरखाव की कमी के कारण इमारतों का प्लास्टर लगातार झड़ रहा है और छज्जे टूटकर गिर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि निवासी अपने घरों के बाहर बैठने से भी डरते हैं। कई लोगों ने सुरक्षा के लिए अपने घरों के बाहर टीन शेड लगा रखे हैं।
गुरुवार को बारिश के दौरान ब्रह्मदेव शर्मा के फ्लैट का एक बड़ा छज्जा टूटकर नीचे खड़ी कार और मोटरसाइकिल पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि उस समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय आरडब्ल्यूए सदस्य गोपाल पाठक ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब तक 10 से 12 छज्जे गिर चुके हैं, जिससे लोगों के वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
आरडब्ल्यूए ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सभी निवासी मिलकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का घेराव करेंगे।