रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर फैंस का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। फिल्म के निर्माताओं ने आधिकारिक घोषणा की है कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक नया पोस्टर साझा किया है। पोस्टर में राम, लक्ष्मण और सीता की झलक दिखाई गई है, जहां तीनों एक भव्य सभा में खड़े नजर आ रहे हैं। पोस्टर सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
नई यात्रा की शुरुआत का दावा
पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा कि 'रामायण' हजारों वर्षों से धर्म, मर्यादा, साहस और करुणा का संदेश देती आई है। अब इस महान गाथा को भारतीय सिनेमा में पहले से कहीं अधिक भव्य रूप में दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा।
रावण के लुक का इंतजार
फिल्म का पहला टीजर अप्रैल में रिलीज हुआ था, जिसमें रणबीर कपूर राम के किरदार में नजर आए थे। उनके अभिनय की तारीफ हुई थी, लेकिन वीएफएक्स को लेकर कुछ दर्शकों ने सवाल उठाए थे। अब उम्मीद की जा रही है कि ट्रेलर में बेहतर वीएफएक्स के साथ पहली बार रावण का लुक भी दिखाया जाएगा, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
शानदार स्टारकास्ट
फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, रकुलप्रीत सिंह, लारा दत्ता और काजल अग्रवाल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के संवाद विद्वानों की सलाह से तैयार किए गए हैं, ताकि धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान रखा जा सके।
फिल्म का पहला भाग इस साल दिवाली पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में आएगा।