नोएडा नालों की सफाई अभियान |
लगातार 20 घंटे तक हुई बारिश के बाद शहर में कई जगह जलभराव की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण ने पूरे शहर में विशेष अभियान चलाकर 104 प्रमुख नालों की सफाई शुरू कर दी। करीब 320 किलोमीटर लंबे नालों की सफाई के लिए 42 जेसीबी, 2 पोकलेन, 102 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, हाईवा और अन्य मशीनों को लगाया गया, ताकि पानी की निकासी तेजी से हो सके।
बारिश के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों से जलभराव की सूचना मिलते ही प्राधिकरण ने सभी 10 वर्क सर्किलों की टीमों को मौके पर भेजा। टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नालों की सफाई कर पानी का बहाव सुचारु कराया और सड़कों पर जमा पानी निकालने का काम शुरू किया।
अंडरपासों में जनरेटर और पंपिंग सेट से निकाला गया पानी
बारिश के दौरान अंडरपासों में जलभराव न हो, इसके लिए सभी अंडरपासों पर जनरेटर और पंपिंग सेट लगाए गए। इनकी मदद से लगातार पानी निकाला गया, जिससे यातायात सामान्य बना रहा।
28 संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
जल विभाग ने पहले से चिन्हित 28 लो-लाइंग (निचले) क्षेत्रों में डीजल पंपसेट लगाकर पानी की निकासी की व्यवस्था की थी। इससे इन इलाकों में जलभराव की स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में रही।
बेसमेंट में भरे पानी की भी निकासी
कुछ स्थानों पर बेसमेंट में पानी भरने की शिकायतें भी मिलीं। सूचना मिलते ही प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल पानी निकालने का काम शुरू कराया।
80 फीसदी डी-सिल्टिंग का काम पूरा
प्राधिकरण ने बताया कि शहर के ढके हुए नालों की सफाई पांच सुपर सकर मशीनों से की जा रही है। अब तक करीब 80 प्रतिशत डी-सिल्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है और बाकी काम भी तेजी से जारी है।
जलभराव की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण ने 24×7 कॉल सेंटर और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को सक्रिय कर दिया है। जलभराव से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत 0120-2423795 पर दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत मिलते ही टीम को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान किया जा रहा है।